सरधना। थाना क्षेत्र के गांव कालंद निवासी विवाहिता पूनम को ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित ने आरोपी पति व अन्य के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव धनपुरा निवासी पूनम ने तहरीर में बताया कि दो साल पहले उसकी शादी गांव कालंद निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से आरोपी उससे दहेज में पांच लाख रुपये लाने की मांग करने लगे। उसने मायके से रुपये लाने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि कई-कई दिन तक आरोपियों ने भूखा व प्यासा उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। बताया कि 25 मई को वह कमरे में बैठी थी। आरोपियों ने उससे मायके से रुपये लाने की मांग की। उसने लाने से इन्कार किया तो आरोपियों ने गले में चुनरी डालकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके चलते वह जमीन पर गिर गई। आरोपी उसे महिला थाने ले गए। जहां मायके पक्ष के लोग भी आ गए। पीड़िता ने सरधना थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।