जानीखुर्द। जानी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा छेड़छाड़ करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों में रोष है। मंगलवार शाम पीड़िता के भाई ने जानी थाने में आरोपी युवक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना उस समय हुई मंगलवार दोपहर में किशोरी अपने घर अकेली मौजूद थी। आरोप है कि गांव के ही एक युवक किशोरी को घर में अकेला पाकर घुस आया। युवक ने किशोरी के साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आते देख आरोपी मौके से भाग गया। पीड़िता ने घर पहुंचे परिजनों को आपबीती सुनाई। मंगलवार शाम किशोरी का भाई जानी थाने पहुंचा। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपी युवक पर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि जानी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।