कैराना। ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड का ऑफर दिखाकर साइबर ठग ने युवक से ठगी का प्रयास किया। समय रहते युवक को ठगी होने का पता चल गया जिससे उसके बैंक खाते से रकम की ठगी होने से बच गई।
नगर के मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी विशाल के मोबाइल फोन पर दो दिन पहले अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने बताया कि उन्हें स्टेट बैंक आफ इंडिया की ओर से क्रेडिट कार्ड दिया जा रहा है। विशाल ने कहा कि उसका स्टेट बैंक में खाता भी नहीं है। इस पर फोन करने वाले साइबर ठग ने कहा कि उनका खाते में लेनदेन सिविल अच्छा है इसलिए बैंक उन्हें ऑफर दे रहा है। ठग ने पहले व्हाट्सएप पर आधार कार्ड की फोटो कॉपी और घर का पता मांगा। विशाल ने बताया कि उसने बताए हुए नंबर पर पता और आधार कार्ड की फोटो भेज दी। इसके कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल फोन पर एक मैसेज आया जिसमें ओटीपी भी लिखा था। पांच मिनट बाद ही दोबारा कॉल आई और कहा कि क्रेडिट कार्ड को परमिशन मिल रही है।
सब्सक्रिप्शन पूरा करने के लिए जो मैसेज तुम्हारे पास आया इसकी कॉपी करके व्हाट्सएप पर भेज दो। विशाल ने बताया कि इस बात उसे महसूस हुआ कि मैसेज में आया ओटीपी व्हाट्सएप के जरिए उनके पास पहुंच जाएगा। उसने फोन करने वाले को मैसेज भेजने से इन्कार कर दिया इसके बाद आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। बाद में उसने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।