कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात आठ बजे एक युवक ढाई वर्षीय मासूम को उठाकर ले गया। बच्ची के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण के प्रयास, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रोहटा रोड स्थित एक गांव निवासी युवक ने बृहस्पतिवार रात थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी ढाई वर्षीय बेटी रात आठ बजे घर के बाहर थी। इसी दौरान रोहटा रोड स्थित फाजलपुर निवासी विकास वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि वह नशे में था। उसने बच्ची को अकेला देख गोद में उठाया और वहां से चल दिया। परिजनों को जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो उन्होंने तलाश शुरू कर दी। आरोपी बच्ची को लेकर गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर पहुंच गया।
रास्ते में बच्ची रोते हुए शोर मचाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों को शक हुआ। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी घबरा गया और बच्ची को सड़क किनारे छोड़कर भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी कीधुनाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आ गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी कर वापस घर लौट रहा था। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।