वहीं इस मामले में विधायक संगीत सोम का कहना है कि, 'मुझे कहीं से किसी तरह की धमकी नहीं मिली है। लेकिन हां, मुझे दो साल पहले एक कॉल आई हुई थी जिसमें कहा गया था कि मैं ग्रेनेड हमले में मारा जाऊंगा।
इस मामले में मेरठ एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने विधायक की सुरक्षा में तैनात पांच पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। अब नए पुलिस कर्मियों को विधायक की सुरक्षा में तैनात किया गया है।
बता दें कि लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने यह कार्रवाई की है। एसएसपी का कहना है कि कई बिंदुओं पर हमले की जांच चल रही है। बुधवार देर रात कैंट इलाके में स्थित विधायक संगीत सोम के घर पर ग्रेनेड से हमला किया गया था।
उल्लेखनीय है कि बुधवार आधी रात के बाद अज्ञात लोगों ने सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम के घर को निशाना बनाने की कोशिश की। कार सवार हमलावरों ने विधायक के कैंट स्थित घर पर पहले ताबड़तोड़ फायरिंग की और फिर जाते जाते बम फेंक गये।
घटना बुधवार रात लगभग एक बजे हुई। विधायक संगीत सोम कैंट क्षेत्र में अपने घर पर सो रहे थे। गेट पर गार्ड ड्यूटी कर रहा था। गार्ड के अनुसार एक स्विफ्ट कार गेट पर रूकी। काले कपड़ों में एक हथियारबंद युवक उतरा और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गार्ड ने जैसे ही अपनी रायफल संभाली। कार सवार आवास पर ग्रेनेड फेंक कर फरार हो गया।
विधायक संगीत सोम मुजफ्फरगर दंगों के अलावा कई मुद्दों के लेकर चर्चा में रह चुके हैं, उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इस घटना के दौरान चार राउंड गोलियां चलीं। हालांकि हमले में कोई घायल नहीं हुआ। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/