मेरठ। होनहार युवाओं की मंजिल में बाधा बनने वाले सॉल्वर गैंग के सरगना समेत चार आरोपियों को छुड़ाने के लिए बिहार से आधा दर्जन युवक रविवार को थाना सिविल लाइन पहुंच गए। इन युवकों ने पुलिस पर थाने से ही मामला निपटाने का दबाव डाला। पुलिस ने इन युवकों को थाने से बाहर जाने को कहा। लेकिन उसके बावजूद युवक वहीं जमे रहे। पुलिस ने इन युवकों को गिरफ्तार करने के बजाय लाठीचार्ज कर दौड़ा लिया। बाद में चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
क्राइम ब्रांच ने कई प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने वाले जसवीर निवासी नया गांव चंडीगढ़, अंकुर निवासी मुंडभर भौराकलां मुजफ्फरनगर, परवेंद्र निवासी चंद्रमणि कालोनी देहरादून और सचिन निवासी सूर्यनगर रोहतक को शनिवार को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी थाना सिविल लाइन पुलिस की कस्टडी में थे। इस सॉल्वर गैंग ने जनवरी 2019 को हुई यूपी पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा में सेंधमारी की थी। मेरठ में चल रही भर्ती की नापतौल में दो अभ्यर्थियों औरंगाबाद बिहार निवासी अनूप और फलावदा निवासी नीरज को फर्जीवाड़े में गिरफ्तार किया था। इन दोनों से पूछताछ में सामने आया था कि इन दोनों अभ्यर्थियों ने जनवरी में सॉल्वर गैंग की मदद ली थी। अपनी जगह सॉल्वर राजीव रंजन और शिवशरण से परीक्षा दिलवाई थी। जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने इस गैंग को बेनकाब किया। इस गैंग का सरगना जसवीर है, जिसने बागपत के अरविंद राणा से देहरादून में मुलाकात की थी। उसके बाद गैंग में बिहार के सॉल्वरों को शामिल किया था।
पटना से आए हैं.. जसवीर के दोस्त हैं
रविवार दोपहर जसवीर समेत चारों आरोपी सिविल लाइन थाने की हवालात में बंद थे। इस बीच बिहार के पटना निवासी आधा दर्जन युवक थाने पहुंचे। पुलिस से कहा कि हम जसवीर के दोस्त हैं। जसवीर को छोड़ दो। पुलिसकर्मियों ने कहा कि यह तो मुल्जिम है और इन चारों को जेल भेजा जाएगा। मामला भी बहुत बड़ा है। इसके बावजूद इन युवकों ने जसवीर की सिफारिश कर मामला यहीं निपटाने को कहा। पुलिस ने इन सिफारिशी युवकों को थाने से जाने को कहा। लेकिन वह नहीं माने।
अब जो जाए उसे हवालात दिखा दो
इन युवकों के अड़े होने की सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने युवकों पर डंडा बरसाते हुए थाने से खदेड़ दिया। इंस्पेक्टर ने कहा कि अब जो भी सिफारिश में आए, उसे सीधे हवालात में डाल देना। इस प्रकरण को लेकर काफी देर तक थाने में अफरातफरी मची रही। इंस्पेक्टर ने बताया कि चारों आरोपियों को स्पेशल मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
सभी अभ्यर्थियों की होगी जांच
पुलिस के अनुसार जसवीर से मिली डायरी में करीब 125 अभ्यर्थियों के नाम पते और मोबाइल नंबर दर्ज मिले हैं। पुलिस इन सभी अभ्यर्थियों से बात कर जांच करेगी। इस गैंग में सबसे ज्यादा आरोपी बिहार के हैं। जांच के लिए एक टीम बिहार भी जा सकती है।