सरधना। थाना जानी क्षेत्र के गांव भवी निवासी निसार पुत्र हाकिम अली ने सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल को तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
निसार के अनुसार, उनकी पुत्री सुभाना का निकाह नफीस पुत्र हनीफ निवासी मोहल्ला सैय्यदान, थाना भवन जिला शामली से हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद ही सुभाना के ससुराल पक्ष ने उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। निसार ने थाना जानी में दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।
निसार का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद ससुराल पक्ष ने रिश्तेदारों के माध्यम से समझौते का प्रस्ताव भेजा। 31 मई को उन्हें तहसील सरधना गेट के पास एक अधिवक्ता के कार्यालय पर बुलाया गया। निसार अपने दोनों पुत्रों कैफ और आतिफ के साथ वहां पहुंचे, लेकिन वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने समझौते की बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोपियों ने कैफ और आतिफ के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ितों ने जान बचाकर भागने की कोशिश की तो आरोपियों ने कार से कुचलने का प्रयास किया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों ने सीओ से शिकायत की। सीओ के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।