डीन पर हमला : आरती भटेले की तलाश में छतरपुर पहुंची पुलिस
मोदीपुरम (मेरठ)। कृषि विवि के डीन वेटरनरी डॉ. राजबीर सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुख्य साजिशकर्ता प्रोफेसर आरती भटेले की तलाश में सोमवार को दौराला पुलिस मध्यप्रदेश के छतरपुर पर पहुंची। दबिश के दौरान वहां उनके पिता के अलावा कोई नहीं मिला। पुलिस ने पिता से पूछताछ की मगर उनसे कोई अहम जानकारी हाथ नहीं लगी। घटना के खुलासे के बाद से ही आरती भटेले के मोबाइल बंद आ रहे हैं।
11 मार्च को डीन पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। यह हमला डीन की हत्या के इरादे से किया गया था। इस मामले में बिल्डर अनिल सहित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी। जांच में पता चला था कि महिला आरती डीन बनना चाहती थी, इसीलिए सुपारी देकर हमला कराया गया। एक माह बाद भी आरती पुलिस की गिरफ्त में नहीं आई है।
सोमवार को दौराला पुलिस फिर से मध्यप्रदेश के छतरपुर में आरती भटेले की तलाश में पहुंची। दबिश के दौरान पुलिस को आरती भटेले के पिता अकेले मिले। पुलिस ने उनसे पूछताछ की। लेकिन, पिता ने आरती के बारे में कोई भी जानकारी न होने की बात कहीं। इसके बाद पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस ने आरती के मोबाइल सर्विलांस पर लगाए हैं। लेकिन, घटना के खुलासे के बाद से ही लगातार आरोपी प्रोफेसर का मोबाइल बंद आ रहा है। वहीं, आरती की गिरफ्तारी न होने से अब पुलिस आरती के घर कुर्की का नोटिस चस्पा करने की तैयारी में है। नोटिस चस्पा के बाद यदि आरती सरेंडर नहीं करती हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।े
---
दो राज्यों की पुलिस भी ढूंढने में हुई नाकाम
- उत्तर प्रदेश के साथ ही मध्य प्रदेश की पुलिस भी प्रोफेसर आरती को ढूंढने की कवायद करती आ रही है। इसके बावजूद दोनों राज्यों की पुलिस टीमें आरती को ढूंढने में नाकाम रही है।
---