नवीन मंडी गेट पर बुधवार रात कांग्रेस नेता रमेश धीगड़ा की कार से दूसरी कार में टक्कर लगने के बाद बखेड़ा हो गया। पीछा होने पर कांग्रेस नेता का चालक कार को लेकर मंगतपुरम कॉलोनी में घुस गया। जहां कॉलोनी के लोगों ने बदमाश समझकर कार पर हमला कर चालक और कार में मौजूद कांग्रेस नेता के रिश्तेदार को बुरी तरह पीट दिया। कार में भी तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंचे सीओ ब्रह्मपुरी ने किसी तरह मामला संभाला।
पुलिस के मुताबिक कांग्रेस नेता रमेश धीगड़ा का चालक चकर निवासी आबूलेन और रिश्तेदार सत्यप्रकाश बुधवार रात वरना कार से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। बताया गया कि रमेश धींगड़ा दिल्ली एयरपोर्ट से आ रहे थे। जबकि उनके बड़े बेटे हिमांशु को अलग से कार लेने जा रही थी। मंडी गेट के पास वरना कार ने एक कार में टक्कर मार दी। चालक चकर ने कार को मंगतपुरम कालोनी की तरफ दौड़ा दिया। वहां महिलाओं ने बदमाश घुसने का शोर मचा दिया। जिसके बाद कॉलोनी के लोगों ने पथराव कर कार में तोड़फोड़ कर दी। इस बीच पीछा करते दूसरे कार सवार भी वहां पहुंच गए और चालक और सत्यप्रकाश की बुरी तरह से पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों घायलों को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मौके पहुंचे रेमेश धींगड़ा
मौके पर पहुंचे रमेश धीगड़ा
इस दौरान चर्चा रही कि रमेश धींगड़ा भी कार में मौजूद थे। बाद में अन्य लोग उनके पुत्र हिमांशु को भी गाड़ी में बताने लगे। वहीं, रमेश धींगड़ा का कहना है कि कार में वह नहीं थे, वह तो एयरपोर्ट से आ रहे थे। कार बेटे को लेने जा रही थी।
लूट के बाद हत्या की सूचना
कंट्रोल रूम पर एक युवक ने सूचना दी कि डेयरी फार्म के बाहर लूट के बाद हत्या कर दी गई। कंट्रोल रूम पर सूचना फ्लैश होने पर यूपी 100 की चार गाड़ियां, सीओ ब्रह्मपुरी धर्मेंद्र चौहान, परतापुर, ब्रह्मपुरी, टीपीनगर और रेलवे रोड पुलिस भी पहुंच गई। बाद में पता चला कि मामला एक्सीडेंट का है। सूचना देने वाला का नंबर भी बंद आता रहा।
हादसे में दंपति घायल, पुलिस को घेरा
ईदगाह चौराहे पर बुधवार रात सड़क पार कर रहे दंपति भटीपुरा निवासी हफीज और जीनत को मेट्रो प्लाजा की तरफ से आई कार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। चालक कार को लेकर भाग गया। वहां खडे़ सिपाही पर गाड़ी का पीछा न करने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने सिपाही को घेरकर जमकर हंगामा काटा। आरोप था कि सिपाही के सामने ही कार टक्कर मारकर भागी लेकिन सिपाही ने पीछा करना भी उचित नहीं समझा। कहने के बाद भी वह वहीं खड़ा रहा। रेलवे रोड इंस्पेक्टर पहुंचे तो भीड़ ने उन्हें भी घेर लिया। इंस्पेक्टर ने आश्वासन दिया कि कार के नंबर के आधार पर कार और चालक दोनों जल्द पकडे़ जाएंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/