पुलिस ने एमपीएड के छात्र को गिरफ्तार कर किया विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स रूम में हुई चोरी का खुलासा
पुलिस का दावा
घटना वाले दिन खिलाड़ियों को तीरंदाजी के टिप्स भी दिए थे
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, चोरी का सामान बरामद किया
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में 27 दिसंबर को स्पोर्ट्स ग्राउंड के स्पोर्ट्स रूम में हुई आठ लाख रुपये के कीमत सामान चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक चोरी एमपीएड तृतीय वर्ष के छात्र दिल्ली के थाना सीमापुरी निवासी चेतन चौधरी ने की थी। मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया है। चेतन के पिता दिल्ली एमसीडी में कार्यरत है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि चेतन ने घटना वाले दिन सुबह खिलाड़ियों के साथ समोसे खाए थे और खिलाड़ियों को तीरंदाजी के टिप्स भी दिए थे। रात को चोरी को अंजाम दिया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि नौचंदी थाना क्षेत्र के प्रीत विहार निवासी उज्ज्वल खोखर अपने साथी खिलाडियों के साथ चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ग्राउंड में तीरंदाजी का अभ्यास करते है। 27 दिसंबर की शाम को अभ्यास करने के बाद वह स्पोर्ट्स रूम को बंद कर चले गए थे। सुबह के समय विवि परिसर में स्पोर्ट्स रूम में चोरी की जानकारी हुई थी। उज्ज्वल की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस चोर की तलाश में लग गई थी।
पुलिस को विश्वविद्यालय के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की जांच में एक संदिग्ध सामान ले जाता हुआ दिखाई दिया। लोगों की मदद से उस संदिग्ध की पहचान कराई गई। उसकी पहचान सीमापुरी निवासी चेतन के रूप में हुई। पुलिस ने चेतन को सोमवार रात गुर्जर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में चेतन ने बताया कि उसने ही स्टोर रूम से एक कंपाउंड, एक स्टेबलाइजर, दो लिम, एक रिकवर हैंडल, एक वो स्टैंड, दो स्कोप, दो स्ट्रिंग व एक बैंग चोरी किया था।
वह सीसीएसयू से पढ़ाई कर रहा है, और वर्तमान में अजंता कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। चेतन ने रात के समय स्पोर्ट्स रूम के गेट की कुंडी उखाड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद हुआ है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।