संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गंगानगर के डाउन टाउन कांप्लेक्स स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम ज्योतिष परिवार ने खाने में विलायती वेज मंगाया लेकिन उन्हें रोस्ट चिकन परोस दिया गया। परिवार ने दूसरे समुदाय के स्टाफ पर जानबूझकर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगा हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में स्टाफ गलती से दूसरे का ऑर्डर परोसे जाने की बात स्वीकार कर रहा है।
गंगानगर क्षेत्र निवासी एक ज्योतिष पत्नी, बेटा और बेटी के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। परिवार ने खाने के लिए विलायती वेज ऑर्डर किया था। कुछ देर बाद वेटर रोस्ट चिकन लेकर आया और परोस दिया। स्वाद कुछ अजीब लगने पर परिवार ने वेटर को बुलाकर पूछा तो पता चला तो परिवार ने हंगामा शुरू कर दिया। चिकन परोसने वाले वेटर का नाम पूछा तो उसने सुल्तान बताया। इस पर परिवार और भड़क गया और जानबूझकर धर्मभ्रष्ट करने का आरोप लगाने लगा। सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला का कहना है कि परिवार की ओर से शिकायत मिली है। मामला खाद्य सुरक्षा विभाग का है, लेकिन जांच कराई जा रही है।
मांसाहार का पता चलते ही तबियत बिगड़ी
परिवार को जब पता चला कि उन्होंने गलती से चिकन खा लिया तो उनकी तबियत बिगड़ गई। उल्टी आने लगी। इससे रेस्टोरेंट के स्टाफ और खाना खाने पहुंचे अन्य लोगों में भी अफरातफरी मच गई। किसी तरह परिवार के सदस्यों ने अपने आप को संभाला। परिवार का कहना है कि वे शुद्ध शाकाहारी हैं। स्टाफ ने कहा कि गलती से किसी दूसरी टेबल का ऑर्डर परिवार को परोस दिया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि वेटर ने चिकन परोसते हुए भी यह नहीं देखा कि वह क्या परोस रहा है।
रेस्टोरेंट पर जीएसटी विभाग ने भी मारा था छापा
रोमियो लेन शहर के बड़े रेस्टोरेंट में से एक है। वायरल वीडियो में परिवार के लोग कह रहे हैं कि एंबिएंस लाइट लगाने और म्यूजिक बजाने से रेस्टोरेंट अच्छा नहीं हो जाता। इसके लिए मैनेजमेंट और सर्विस भी अच्छी होनी चाहिए। हाल ही में जीएसटी विभाग ने भी रेस्टोरेंट पर छापा मारा था।