मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कड़ा पहरा, स्पेशल कमांडो ने संभाला मोर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने पूरा खाका तैयार कर लिया। गुरुवार रात में पुलिस के साथ एनएसजी कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया है। सीएम का शुक्रवार को कंकरखेड़ा व हस्तिनापुर में आने का कार्यक्रम निर्धारित हो गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा मद्देनजर पुलिस फोर्स लगा दिया गया है। पुलिस की स्पेशल टीम एसएसपी प्रभाकर चौधरी के साथ मुख्यमंत्री के साथ साथ रहेंगी। हालांकि रात में एनएसजी कमांडो ने भी मेरठ में कमान संभाल ली है। सुरक्षा मद्देनजर कई जगहों पर रात में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं देर रात तक पुलिस फोर्स मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा प्लान बनाते रहे। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के मद्देनजर फोर्स लगाया गया है।
डीएम-एसएसपी ने देखीं तैयारियां
सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे को देखते हुए डीएम और एसएसपी ने जंबूद्वीप पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां लोक निर्माण विभाग ने हैलीपेड दुरुस्त किया। प्राचीन दिगंबर जैन बड़े मंदिर की अयोध्यापुरी पंडाल धर्मशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लगभग 500 भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे जिसमें बूथ अध्यक्ष, प्रबुद्धजन, मंडल अध्यक्ष, वह मंडल की कार्यकारिणी के पदाधिकारी शामिल होंगे।
सीएम दौरे को लेकर भारी पुलिस बल तैनात
आज दोपहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से जैनधर्म के पावन तीर्थ क्षेत्र जंबूद्वीप में बने हेलीपैड पर उतरेंगे, जहां से वह नजदीक में ही बनाए गए अयोध्यापुरी पंडाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शासन-प्रशासन के अधिकारियों ने सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल के दोनों और बैरिकेडिंग की गई है।
यह भी पढ़ें: खौफनाक मंजर देख कांप गई लोगों की रूह: हादसे में दो दोस्तों की मौत, एक की मार्च में होनी थी शादी, दूसरा था परिवार का इकलौता चिराग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे की सूचना से सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जिले की पांच ब्लॉक से पांच सौ कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों के साथ संवाद करेंगे। भाजपा के जिला कार्यकारिणी द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर सूची बनाई गई है, जो मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
उधर, जंबूद्वीप प्रबंधन ने ऐतिहासिक नगरी में पहली बार मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। बताया जा रहा है कि जंबूद्वीप के हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरेगा, जहां से वह जैन धर्म की सर्वोच्च साध्वी ज्ञानमती से मुलाकात कर ऐतिहासिक नगरी के कई मुद्दों पर विशेष बातचीत करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।