मेरठ जनपद में किठौर क्षेत्र के गांव असीलपुर में शुक्रवार को आकिब मुखिया और कासिम पक्ष के बीच जमकर बवाल हुआ। जमकर मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग हुई। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। हमले में आकिब व कासिम समेत कई लोग घायल हो गए। मामले में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। कासिम पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व आकिब मुखिया और उसके कुछ साथियों की मेरठ में कासिम के साथ कुछ कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही है। बताया जाता है कि शुक्रवार को इसी रंजिश के चलते कासिम पक्ष ने आकिब के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग चोटिल हो गए।
इस दौरान कासिम पक्ष के लोग वहां से फरार हो गए। बाद में आकिब पक्ष के लोगों ने कासिम के घर में घुसकर कार के शीशे तोड़ दिए व जमकर तोड़फोड़ की, जिसमें कासिम की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। बताया गया कि इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं घटना के बाद से गांव में तनाव है। कासिम के घर पर हमले की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: मेरठ में भाजपा नेता व उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सहारनपुर में सड़क हादसे में एक की मौत
थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। इस मामले में कासिम पक्ष की तहरीर पर आकिब मुखिया, साकिब, लबीव और सोहेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी अभी फरार हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: नए साल पर किया हुड़दंग तो बरसेंगीं लाठियां, जश्न के नाम पर उत्पात मचाने वालों से निपटेगी पुलिस