मेडिकल स्टोर पर मारपीट और लूटपाट, दो गिरफ्तार
मेरठ। लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के सामने शुक्रवार को एक दुकान पर कब्जा करने को लेकर मारपीट और लूटपाट हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी पर थाने पहुंचे व्यापारी नेताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई।
इंस्पेक्टर मेडिकल प्रमोद गौतम के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के सामने तीन भाई गगन, रोहित व पुनीत गुप्ता का मेडिकल स्टोर है। पूर्व में इसे योगेंद्र फफूंडा चलाते थे। कुछ समय पहले योगेंद्र ने दुकान खाली कर दूसरी जगह खोल ली थी। आरोप कि शुक्रवार को योगेंद्र का भाई नागेंद्र उर्फ सिकंदर साथियों के साथ दुकान पहुंचा। उसकी पुनीत गुप्ता से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि नागेंद्र व उसके साथियों ने दुकान में लूटपाट की। सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर तक निकाल ली। पुलिस ने आरोपी नागेंद्र उर्फ सिकंदर और महेश को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है।
दवा व्यापारियों की थानेदार से नोकझोंक
मेरठ। दवा कारोबारियों पर हुए जानलेवा हमले की शिकायत लेकर थाने पहुंचे व्यापारी नेता अरुण वशिष्ठ, मनोज अग्रवाल, रजनीश कौशल की थानेदार से नोकझोंक हो गई। व्यापारियों ने बताया कि दुकान पर कब्जा करने के प्रयास में आरोपी नागेंद्र ने रोहित और गगन को घायल कर दिया। काफी देर गहमा-गहमी के बाद व्यापारी लौट गए। देरशाम भाजपा नेता अरुण वशिष्ठ एसएसपी अजय साहनी से मिलने उनके आवास पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। रजनीश कौशल ने बताया कि व्यापारियों को गंभीर चोट आने के बाद भी पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। संवाद