- आज कराई जाएंगी दौड़ स्पर्धाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को अस्मिता खेलो लीग का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत चौधरी चरण सिंह विवि के खेल मैदान में दौड़ प्रतियोगिता होगी। इससे पूर्व शनिवार को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सेल्फ डिफेंस कैंप लगाया गया। इसमें महिला खिलाड़ियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए।
जूडो कोच अंशु दलाल ने महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार हम खुद अपनी रक्षा कर सकते हैं। इसके बाद वुशू कोच नेहा कश्यप ने भी महिला खिलाड़ियों को टिप्स दिए।
उन्होंने वुशू के बारे में खिलाड़ियों को जानकारी दी। अब रविवार को दौड़ प्रतियोगिता होगी। इसमें 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ और 400 मीटर दौड़ स्पर्धाएं होंगी। सभी श्रेणी में प्रथम तीन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।