मेरठ के मवाना तहसील स्थित अकबरपुर गढ़ी गांव निवासी सुरेंद्र मावी पुत्र महकार सिंह सेना में सूबेदार पद पर कार्यरत हैं। वह इस समय भारतीय रेस वॉक टीम के मुख्य कोच हैं। सूबेदार व कोच सुरेंद्र मावी ने अमर उजाला से फोन पर बताया कि लगभग दो माह पहले चाइना में हुए वर्ल्ड कप में भारत की टीम ने पांचवा स्थान प्राप्त किया था। भारत की ओर से सूबेदार संदीप कुमार व हवलदार इरफान ने हिस्सा लिया था।
इंडोनेशिया के जकार्ता में चल रहे एशियाई खेलों में भी भारत की ओर से ये दोनों खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता 29 व 30 अगस्त को आयोजित होनी है। कोच सुरेंद्र मावी का कहना है कि दोनों ही खिलाड़ियों ने काफी मेहनत की है और उनका लक्ष्य भारत के लिए सोना लाना है। उन्होंने बताया कि इसके बाद उनका पूरा ध्यान 2020 में टोक्यो ओलंपिक की तैयारी में जुटना है।
जानें क्या है रेस वॉक
रेस वॉकिंग, या दौड़ चाल, एथलेटिक्स खेल के अंतर्गत आने वाली एक लंबी दूरी की अनुशासनात्मक चाल है। हालांकि यह एक तरह की दौड़ ही है लेकिन तेज दौड और साधारण चाल से बिल्कुल अलग है। इसकी खास बात यह है कि इस खेल में प्रत्येक खिलाड़ी के पैरों को हर कदम पर जमीन के संपर्क में रहना होता है। इसे रनिंग ट्रैक और सड़कों पर ही विशेष रूप से आयोजित किया जाता है। सन् 1904 में हुए ओलंम्पिक खेलों में इस खेल से लोगों का व्यापक तौर पर पहली बार परिचय हुआ था।