शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी
बालेराम सरस्वती शिशु मंदिर में चल रही शूटिंग प्रतियोगिता में शूटरों ने साधे निशाने
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में चल रही शूटिंग प्रतियोगिता में रविवार को दिन की शुरुआत एयर राइफल वर्ग से हुई। महिला और पुरुष दोनों ने एक साथ निशाने साधे। एसबीवीएम हापुड़ की निशानेबाज अदिति चौधरी ने 628.9 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। उनका यह स्कोर न केवल व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ है, बल्कि चैंपियनशिप का भी उच्चतम स्कोर रहा।
आरआरसी आर्मी के अर्श रिजुई ने 628.5 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। 40 शॉट एयर राइफल वर्ग में एजीएसआर बागपत के आशीष यादव ने 415.3 अंक के साथ शानदार प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। एसबीवीएम हापुड़ की सोम्या त्यागी 412.4 अंक के साथ दूसरे और जेरोकूल बीएसआर (बुलंदशहर) के निशांत कुमार 407.7 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
मेजबान बीबीएसएसएम मेरठ की गरिमा ने भी 382 अंक बनाकर घरेलू दर्शकों का मान बढ़ाया और अपने खेल से सभी की सराहना बटोरी। एयर पिस्टल वर्ग में एसएसए बिटावड़ा के मोनू कुमार ने दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 586 अंक बनाकर पहला स्थान प्राप्त किया। उनके स्थिर निशाने और मानसिक दृढ़ता की कोचों ने विशेष रूप से प्रशंसा की।
एजीएसआर (बागपत) के मोहित ने 582 अंक के साथ दूसरा और गौतम सिंह ने 575 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। 40 शॉट एयर पिस्टल वर्ग में मेजबान अकादमी बीबीएसएसएम मेरठ के पार्थ गोयल ने 378 अंक का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अकादमी के लिए एक और पदक पक्का किया