धामपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को आशा कार्यकर्ताओं ने महिला नसबंदी चिकित्सक डॉ़ राजीव द्विवेदी पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया है। कार्यकर्ताओं में मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिजनौर से आरोपी डॉक्टर को तत्काल कार्यक्रम से हटाने की मांग की है। चेताया कि ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा।
बुधवार को बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एकत्रित हुई। प्रदर्शन करने के बाद केंद्र प्रभारी चिकित्सक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि आशा कार्यकर्ता जनकल्याणकारी योजनाओं को सफल बनाने में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती हैं।
आरोप है कि जब लाभार्थियों को प्रेरित करके नसबंदी के लिए लाया जाता है तो सर्जन डॉ. राजीव द्विवेदी आशाओं और लाभार्थियों के साथ सामाजिक मूल्यों के विरुद्ध गलत आचरण और व्यवहार करते हैं। आरोप है कि चिकित्सक के व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। चिकित्सक के व्यवहार से आहत आशा कार्यकर्ता ने कार्रवाई की मांग की है।