सरूरपुर। गांव सरूरपुर खुर्द निवासी अरुण कुमार पूनिया को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दो अलग-अलग समारोहों में सम्मानित किया गया।
उन्होंने तीन किलोवाट ऑन ग्रिड सोलर प्लांट स्थापित कर न केवल अपने घर की बिजली जरूरत पूरी की। बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आय भी अर्जित की। उनके इस कार्य का उल्लेख हाल ही में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में भी हुआ। पहला सम्मान यूपीनेडा कार्यालय विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में परियोजना प्रभारी प्रमोद भूषण शर्मा द्वारा दिया गया। जहां सोलर प्लांट से बिजली निर्यात और आय के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की गई।
इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ने अरुण कुमार को सपरिवार सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें प्रमाण पत्र, शॉल, शील्ड और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। जिलाधिकारी ने इसे ग्रामीण आत्मनिर्भरता का प्रेरक उदाहरण बताते हुए कहा कि अरुण कुमार का प्रयास अन्य लोगों के लिए मिसाल है। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।