सेना ने शुरू कराया सहारनपुर मेडिकल कॉलेज का ऑक्सीजन प्लांट
मेरठ। ऑक्सीजन संकट को दूर करने के लिए सेना लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में लगातार दूसरे दिन मेरठ के 510 आर्मी बेस वर्कशॉप और पश्चिमी यूपी सब एरिया के विशेषज्ञों ने सहारनपु मेडिकल कॉलेज में एक प्लांट को शुरू कर दिया हैं। वहीं, दूसरे प्लांट को ठीक करने के लिए सेना दिन-रात कार्य में जुटी है। सरकार की तरफ से भी अब इस महामारी में सेना की सहायता ली जा रही है। जिससे लोगों को राहत दी जा सके।
सहारनपुर में ऑक्सीजन प्लांट के शुरू हो जाने के उत्तराखंड सहित अन्य जिलों को लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। पिछले दिनों उत्तराखंड के ऋषिकेश, हरिद्वार आदि शहरों से मरीज के तीमारदार मेरठ स्थित बिजौली प्लांट पर पहुंचे थे। सहारनपुर में प्लांट के सुचारू होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। पश्चिमी यूपी सब एरिया से मिली जानकारी के अनुसार तेजी से मेडिकल व्यवस्था को सुधारने के लिए सेना को जिम्मेदारी दी गई है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लगातार सेना के अधिकारियों से संपर्क साधे हुए हैं। जिससे किसी भी जिले में सेना की जरुरत होने पर मदद की जा सके।
मेरठ छावनी निभा रही अहम रोल
पिछले दो दिनों में मेरठ छावनी ने ऑक्सीजन प्लांट को शुरू करने में अहम रोल अदा किया है। पहले खुर्जा अब सहारनपुर का प्लांट शुरू होना मरीजों के लिए संजीवनी जैसा है। अमर उजाला ने ही रविवार के अंक में सेना के सहारनपुर जाने की खबर सबसे पहले प्रकाशित की थी। दो दिन चले सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में कार्य में सेना को सफलता मिली। जिसमें एक प्लांट को शुरू करने के बाद दूसरे को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।