26 अप्रैल तक करें सेना भर्ती के लिए आवेदन, 13 जिलों के अभ्यर्थी आएंगे
मेरठ। 12 से 31 मई तक मुजफ्फरनगर के चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में सेना भर्ती रैली की जाएगी। भर्ती के लिए अभ्यर्थी 26 अप्रैल तक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार भर्ती समय से 72 घंटे पहले की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य होगी।
कैंट स्थित सेना भर्ती रैली कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी गई। 13 जिलों की होने वाली इस भर्ती में अभी तक 72 हजार अभ्यार्थियों ने पंजीकरण कर लिया है। 26 अप्रैल तक पंजीकरण होने के बाद उनकी ई-मेल आईडी पर एडमिट कार्ड के लिए लिंक भेज दिया जाएगा। सेना अधिकारियों का कहना है कि अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ भर्ती रैली में उपस्थित हो। कोरोना को देखते हुए एक जिले को दो दिन भी दिए जा सकते हैं।
--
इन जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल
बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अमरोहा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर, शामली, हापुड़।
--
इन कैटेगरी में कर सकते हैं आवेदन
सैनिक जनरल ड्यूटी, सैनिक तकनीकी, सैनिक क्लर्क, सैनिक नर्सिंग असिस्टेंट, सैनिक ट्रेड्समैन, एनए वीईटी।