खरखौदा। किठौर हापुड़ मार्ग पर शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस की हथियार तस्कर जोनी उर्फ मनीष निवासी रसूलपुर से मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी से पिस्टल व तमंचा बरामद किया।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार रात को खरखौदा पुलिस किठौर हापुड़ मार्ग स्थित सूदना मोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान हापुड़ की ओर से आ रही बाइक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जोनी उर्फ मनीष निवासी रसूलपुर धनतला बताया। तलाशी में पुलिस ने आरोपी से 32 बोर की एक पिस्टल, दो तमंचे कारतूस व एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की। पुलिस ने बताया कि आरोपी जोनी अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करता है। पुलिस ने आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।