कांधला (शामली)। कस्बे की सिंचाई विभाग के डाक बंगले के पास राधा कुंज कॉलोनी में कार में मिले 12वीं के छात्र पीयूष की मौत के मामले में पुलिस हत्या या फिर आत्महत्या की गुत्थी को नहीं सुलझा पाई है। तमंचा मिलने के कारण मृतक पीयूष के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस तमंचा सप्लाई करने वाले की तलाश में भी जुट गई है।
कस्बे के सिंचाई विभाग के डाक बंगले के पास राधा कुंज कॉलोनी में सोमवार को दिन निकलते ही कार में युवक पीयूष उर्फ पौंटी पुत्र राहुल का गोली लगा शव मिला था। युवक की कनपटी पर गोली लगी हुई थी । मरने से पूर्व छात्र ने सोशल मीडिया पर अब माफ कर देना आदि स्टेटस भी लगाए थे, जिसके कारण छात्र द्वारा आत्महत्या की आशंका जताई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत 3/9/25 एम्स एक्ट का अभियोग दर्ज किया है। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर मौके पर मिले तमंचा व कारतूस मृतक युवक के पास कैसे पहुंचे, इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस युवक की मौत के मामले में हत्या या आत्महत्या इसको लेकर भी गहनता से जांच कर रही है। एसपी का कहना है कि छात्र के पास तमंचा कहां से आया, इसकी जांच की जा रही है। सप्लायर भी जल्द गिरफ्त में होगा।
जिलाध्यक्ष सांत्वना देने पहुंचे
मंगलवार को मृतक परिवार को सांत्वना देने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र निर्वाल पहुंचे और परिवार का ढांढस बंधाया। साथ ही पुलिस के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर घटना के खुलासे की मांग की। मृतक पीयूष के चाचा एसीएमओ डाॅ. विपिन पंवार ने बताया कि अभी हमने कोई तहरीर नहीं दी है।