खरखौदा। कस्बे के महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा तिवारी ने महिला महाविद्यालय की छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि आरोग्य सेतु एप को मोबाइल में डाउनलोड कर सुरक्षा चक्र बनाएं तथा सुरक्षित रहें। इतना ही नहीं अपने परिवार को भी सुरिक्षत रखें। यह कोरोना ट्रैकर एप है। यह लोकेशन के आधार पर आपके एवं आसपास सुरक्षित अथवा संक्रमित, संदिग्ध व्यक्तियों के विषय में जानकारी देकर खतरे के प्रति आगाह करेगा। इस एप में सेल्फ असेसमेंट फीचर भी हैं। जिसकी मदद से आप लक्षण बताकर कोरोना वायरस के संक्रमण के जोखिम के विषय में पता लगा सकते हैं। आवश्यक होने की स्थिति में सभी प्रदेशों एवं सेंट्रल हेल्पलाइन नबंर भी दिए हैं। इस प्रकार ऑनलाइन अपील के माध्यम से प्राचार्य डॉ. रेखा तिवारी ने लगभग 125 मोबाइलों में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने में सफलता हासिल की।