मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एंटी रोमियो अभियान की मेरठ पुलिस धज्जियां उड़ाने में लगी है। स्कूल टाइम में भी छात्राओं को सड़क पर चलना दुश्वार हो रहा है। पुलिस का अभियान तीन-चार दिन चलकर बंद हो गया। स्कूल की छुट्टी के दौरान मनचले फिर से छात्राओं को परेशान करने लगे हैं। बृहस्पतिवार को शहर के पॉश इलाके में दो जगहों पर छात्राओं से वारदात हुई है। दोनों वारदातों में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया। कमाल की बात है कि दोनों वारदात में शाम तक इंस्पेक्टरों को जानकारी तक नहीं थी। जबकि एक वारदात में थाने में दिनभर गहमागहमी चली।
छात्रा को उठाने की कोशिश
मवाना थाना क्षेत्र के एक गांव के शिक्षक की बेटी गंगानगर स्थित एक कॉलेज में बीटीसी की छात्रा है। बृहस्पतिवार दोपहर छात्रा अपने भाई के साथ बाइक पर साकेत गोल मार्केट में आई थी। भाई दुकान से सामान खरीदने चला गया, जबकि छात्रा बाइक पर के पास खड़ी रही। आरोप है कि दूसरे समुदाय का एक युवक वहां पर पहुंचा और छात्रा से छेड़छाड़ करने लगा। इसका विरोध करने पर मनचले ने छात्रा का हाथ पकड़कर जबरन अपनी बाइक पर बैठाने लगा।
छात्रा के शोर मचाने पर उसका भाई दौड़कर पहुंचा। भाई ने अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया और मनचले को जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची सिविल लाइन थाने की फैंटम आरोपी और मारपीट करने वाले तीन युवकों को थाने ले आई। करीब तीन घंटे थाने में गहमागहमी का माहौल रहा। शाम को छात्रा के भाई की तहरीर पर आरोपी अमन पुत्र नसीमुद्दीन निवासी किदवईनगर लिसाड़ीगेट के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा पंजीकृत हुआ।