नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में बुधवार को सीसीएसयू ने देश बंधु छोटूराम विवि मूर्थल सोनीपत को 293 रनों से हरा दिया। सीसीएसयू के अंकुर ने 18 रन देकर 9 विकेट चटकाए। अन्य मुकाबलों में भी टीमों ने शानदार जीत दर्ज की।
सीसीएसयू की टीम को बुधवार को एक परिवर्तन किया गया था। आकाश की जगह पर सुहेल गाजी को टीम में जगह दी गई थी। टीम ने पहले खेलते हुए 339 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसमें सुहेल ने 79 गेंद में 74 रन की पारी खेली। वहीं अंकुर ने 6.1 ओवर की गेंदबाजी की, जिसमें 9 विकेट चटकाकर मूर्थल टीम की कमर ही तोड़ दी। मूर्थल की टीम 12.1 ओवर में 46 रन बनाकर आउट हो गई। बुंदेलखंड झांसी की टीम ने गुरु अंगद देव विवि लुधियाना की टीम को 223 रनों से हराया। झांसी विवि की तरफ से उत्कर्ष अग्रवाल ने 110 व जफरूद्दीन ने 102 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम 351 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में लुधियाना की टीम 118 रन पर ही आल आउट हो गई। चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी सिरसा (हरियाणा) व डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध यूनिवर्सिटी फैजाबाद की टीमों के बीच काफी कांटे का मुकाबला हुआ। फैजाबाद की टीम 2 विकेट से जीतने में सफल रही। मैच में सिरसा की टीम ने 156 रन का स्कोर किया, जिसे फैजाबाद की टीम ने आठ विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। शिमला विवि व यूके टेक्निकल यूनिवर्सिटी देहरादून के बीच खेल गए मैच में हिमाचल की टीम दो विकेट से जीत गई। देहरादून की टीम नौ विकेट खोकर 274 रन बना पाई, जिसके जवाब में 49 ओवर में हिमाचल विवि की टीम ने 8 विकेट खोकर 279 रन बनाये। गौतमबुद्ध नगर विवि की टीम ने एमिटी विवि हरियाणा की टीम को हराया। 84 रन से यह मैच जीता। यूपीईएस यूनिवर्सिटी देहरादून की टीम एमएम यूनिवर्सिटी को सात विकेट से हराया। मैच में एमएम विवि की टीम 31.4 ओवर में 10 विकेट खोकर 130 रन बना पाई, जिसके जवाब में यूपीईएस विवि की टीम ने 28 ओवर में 3 विकेट खोकर 134 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।