संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र में देवपुरी निवासी कपड़ा व्यापारी हरप्रीत के घर काम करने वाले मुजफ्फरनगर जनपद के मंसूरपुर के जीवना गांव निवासी 16 वर्षीय किशोर विष्णु की आत्महत्या के मामले में शुक्रवार सुबह थाने पहुंचकर परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों ने मकान मालिक पर कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि प्रथम जांच में मां के द्वारा फोन पर किशोर को डांटना प्रकाश में आया है। परिजनों ने मकान मालिक पर कार्रवाई से इंकार कर दिया। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि बृहस्पतिवार दोपहर विष्णु फोन पर अपनी मां से बात कर रहा था। किसी बात को लेकर किशोर को उसकी मां ने डांट दिया था। इससे आहत होकर किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। व्यापारी पक्ष भी थाने आ गया था। मगर दोपहर बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और परिजन बिना कानूनी कार्रवाई करें शव लेकर गांव के लिए चले गए।