सहारनपुर। गर्मी का सितम बढ़ा तो गुस्से का पारा भी हाई होने लगा है। गर्मी से लोग चिड़चिड़े हो रहे हैं। स्थिति यह है कि सरकारी और निजी अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है। चिकित्सक गर्मी में ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे।
इन दिनों जिले का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चल रहा। गर्मी बढ़ने से अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी में एक हजार से अधिक मरीज इलाज कराने के लिए पहुंच रहे हैं। सबसे ज्यादा भीड़ फिजिशियन कक्ष में है। इसके अलावा ओपीडी में त्वचा, आंख और डायरिया भी आ रहे। अब गर्मी के तेवर तल्ख हुए तो लोगों में चिड़ाचड़पन बढ़ गया है।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. बीएस सोढ़ी ने बताया कि गर्मी बढ़ने से तनाव बढ़ाने वाले हार्मोंन बढ़ रहे हैं। दिल पर दबाव बढ़ता है तो लोग अधिक तनाव और गुस्से की समस्या से जूझने लगते हैं। लोग छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा हो जाते हैं। ऐसे में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं। गर्मी में बाहर निकलने से बचें। अगर जाना ही पड़े तो सिर ढककर रखें या फिर छाता लेकर जाएं।