संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव शशि पिंटू राणा ने मंगलवार को लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान शिवपाल यादव ने उन्हें संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी मजबूती से जुटने के निर्देश दिए।
शशि पिंटू राणा के अनुसार, मुलाकात के दौरान शिवपाल यादव ने उन्हें 2027 में पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने का आश्वासन दिया। शिवपाल यादव ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुलाकात के दौरान पिंटू राणा के बड़े पुत्र अनंत राणा के राजनीतिक भविष्य पर भी चर्चा हुई। शिवपाल यादव ने अनंत राणा को भी पार्टी में आगे बढ़ाने और बड़ी जिम्मेदारी देने का आश्वासन दिया। उन्होंने पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।