संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ/कंकरखेड़ा/गंगानगर। पावलीखास गांव के जंगल में काम कर लौट रही महेंद्री (70) की बृहस्पतिवार शाम बरसात के दौरान बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इंचौली क्षेत्र के शहजादपुर में बृहस्पतिवार रात एचटी लाइन का तार टूटकर नाली में गिर गया। करंट से झुलसकर घर में मौजूद उदयवीर (60), उनकी पत्नी राकेश (55) और उनका पौत्र 13 वर्षीय रोहित झुलस गए, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। करंट से दो पशुओं की मौत हो गई। इसके अलावा क्षेत्र में आंधी-बारिश के दौरान बिजली के कई पोल भी गिरे। बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
हाईवे चौकी क्षेत्र के पावलीखास निवासी नरेंद्र ने बताया कि शाम के समय उनकी मां मौसम खराब होने पर वापस घर आ रहीं थीं। घर से कुछ पहले ही अचानक से बिजली गिरी। एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित, तहसीलदार अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
उधर, शहजादपुर में गांव में बृहस्पतिवार रात को एक घर उदयवीर (60), उनकी पत्नी राकेश (55) और 13 वर्षीय पौत्र रोहित मौजूद थे। घर के पीछे से जा रही एचटी लाइन का तार टूटकर नाली में गिर गया। जिससे उदयवीर के घर में करंट फैल गया। दो पशुओं की मौत हो गई और एक घोड़ी के पैर जल गए। वहीं, घर में मौजूद उदयवीर, राकेश और रोहित करंट से झुलस गए। इंचौली थाना पुलिस पहुंची। परिजन तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले गए। ग्रामीणों का आरोप है उन्होंने मवाना एक्सईएन, एसडीओ, जेई सभी को कॉल किया। किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं की। पुलिस पशुओं को दबवाने का दबाव डालने लगी। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि दो साल के दौरान तार टूटने की यह तीसरी घटना है। पहले भी करंट से पशुओं की मौत हो चुकी है। शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
इधर, मेरठ शहर में पोल गिरने से दिल्ली रोड, मोहकमपुर, शारदा रोड, मोदीपुरम, शास्त्रीनगर, जयदेवी नगर आदि इलाकों में बिजली गुल हो गई। अधीक्षण अभियंता शहर प्रशांत कुमार ने बताया कि तेज हवा के कारण एहतियात के तौर पर कुछ इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। पोल संबंधी शिकायतों पर टीम को भेजा गया है।
बदला मौसम का मिजाज...
तेज हवा के साथ आई बारिश, किसानों की चिंता बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बृहस्पतिवार शाम वेस्ट यूपी में मौसम बदल गया। तेज आंधी के साथ शाम के समय बारिश और ओले पड़े। धूल भरी आंधी ने शहरवासियों को परेशान कर दिया। कई होर्डिंग, तिरपाल व बैनर उड़ गए। तेज बारिश, ओले से जनजीवन भी प्रभावित हुआ और किसानों की चिंता बढ़ गई।
शाम को करीब पांच बजे आसमान पर बादल छाए और देखते ही देखते बादल की आमद ज्यादा होने से दिन में ही अंधेरा छा गया। शाम को तेज आंधी शुरू हो गई। इसके बाद फिर तेज बारिश और ओले पड़ने लगे। हवा की रफ्तार 20 से 25 किमी प्रति घंटे की रही। चौधरी चरण सिंह विवि के मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तपमान 35.6 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश करीब 10 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा बृहस्पतिवार को मेरठ का एक्यूआई 143 दर्ज किया गया। जबकि जयभीमनगर 138, पल्लवपुरम 148, गंगानगर 140, बेगमपुल 150, दिल्ली रोड 155 दर्ज किया गया।
बारिश ओले से गेहूं की फसल को नुकसान
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्ववद्यिालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज आंधी और बारिश आई है। कुछ जगह पर ओले भी पड़े हैं। शुक्रवार को भी सुबह के समय हल्की बारिश की संभावना है। खेतों में गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग शुरू हो गई है। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं की फसल को पहुंचेगा।