हस्तिनापुर। अमृत योजना के तहत कस्बे में घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए जल कनेक्शन अब चोरों के निशाने पर हैं। अज्ञात लोग दिनदहाड़े जल निगम की ओर से लगाए गए पीतल के सॉकेट, टोंटियां और पाइप उखाड़कर ले जा रहे हैं। लगातार हो रही इन चोरियों से जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होने लगी है।
कस्बे के कई मोहल्लों में पानी के कनेक्शनों के बाहर लगी पीतल की टोंटियां और सॉकेट गायब मिले हैं। कुछ स्थानों पर चोर पाइप तक उखाड़कर ले गए, जिससे पानी का रिसाव होने लगा है। सबसे ताजा मामला रामलीला मैदान के पास का है। यहां रहने वाले गुरमुख सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक युवक उनके घर के बाहर लगे जल कनेक्शन का पीतल का सॉकेट खोलकर ले गया। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज अन्य लोगों को भी दिखाया। इसके बाद कॉलोनी के लोग दहशत में आ गए।
विज्ञापन
मुकेश ठाकुर ने बताया कि उनके घर के बाहर लगे पानी के पाइप और टोंटी भी चोर उखाड़कर ले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में कई स्थानों पर इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है।
उधर, जल निगम के अधिकारी भी स्थिति की जानकारी जुटाने में लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और जल कनेक्शनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।