मेरठ। बुर्के में कोर्ट पहुंचकर पुराने मामले जमानत तुड़वाकर जेल गए डी-155 गैंग का सरगना अमित मरिंडा को शुक्रवार को पुलिस ने रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद की है। इस पिस्टल से उसने शास्त्री नगर सेक्टर-एक में 21 सितंबर को तीन करोड़ की प्रॉपर्टी को लेकर हुए विवाद में फायरिंग की थी। हनी ट्रैप और दुष्कर्म के मामले में भी उससे पूछताछ की गई।
नौचंदी के शास्त्रीनगर सेक्टर-एक निवासी सतेंद्र व शैलेंद्र के मध्य संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि 21 सितंबर की दोपहर में शैलेंद्र अपनी बहन सीमा, शैलेश, मां फूलवती, रितू, जनक राज गर्ग और अक्षय समेत करीब 15 लोगों के साथ सतेंद्र के मकान पर पहुंचा था। जहां पर सतेंद्र के मकान में घुसकर कार में तोड़फोड़ और गमले तोड़ दिए थे। यहां छह राउंड फायरिंग भी की थी। गोली लगने से सतेंद्र और ईंट लगने से उसके बेटे नकुल व विवेक चौधरी घायल हो गए थे। सतेंद्र की तहरीर पर सात नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में अमित मरिंडा का नाम जांच में सामने आया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि अमित मरिंडा को रिमांड पर लेकर उससे पिस्टल बरामद की है।
यूपी, उत्तराखंड में 15 मुकदमे दर्ज
अमित मरिंडा के खिलाफ जिले में जानलेवा हमले, दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट, रंगदारी और लूट समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। ये मामले जिले के नौचंदी, मेडिकल, कंकरखेड़ा के अलावा उत्तराखंड के ज्वालापुर के हैं। आए दिन मारपीट और फायरिंग करना इस गिरोह का शगल है। इसके बावजूद भी पुलिस अमित मरिंडा को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जुलाई माह में अमित मरिंडा का गैंग मेडिकल थाने में पंजीकृत किया गया था। नौचंदी थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। आरोपी की संपत्ति की भी पुलिस जांच कर रही है। जिससे अपराध के जरिए अर्जित की गई संपत्ति को जब्त किया जा सके।
संरक्षण देने वालों के वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
अमित मरिंडा की तलाश कई दिन से पुलिस कर रही थी। गिरफ्तारी न होने पर उस पर 25 हजार का इनाम एसएसपी ने घोषित किया था। इसके बाद भी कुछ लोगों के संरक्षण की वजह से वह पुलिस की पकड़ में नहीं आया। एसपी सिटी ने बताया कि अमित मरिंडा को संरक्षण देने वालों की जांच कराई जाएगी। इनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। नौचंदी और मेडिकल थाना पुलिस की भूमिका की भी जांच होगी।