मेरठ छावनी स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में 'अपनी एएमसी को जानें' कार्यक्रम के अंतर्गत जीवन बचाने की
- फोटो : samvad
छावनी क्षेत्र स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में मंगलवार को अपनी एएमसी को जानें अभियान के अंतर्गत एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह आयोजन 262वें आर्मी मेडिकल कोर दिवस के उपलक्ष्य में किया गया। इसमें मेरठ छावनी के 175 से अधिक परिवारों और 55 बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में बड़ों व बच्चों को आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) की क्षमताओं को करीब से देखने का अवसर मिला। शुरुआत अस्पताल के टीटी स्कूल में तकनीकी प्रशिक्षण प्रदर्शन से हुई। कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा के निर्देशन में विशेषज्ञों ने सीपीआर तकनीक का प्रदर्शन किया। लोगों को आपातकालीन स्थितियों में जीवन बचाने के तरीके बताए गए। अस्पताल के स्ट्रेचर वाहक दस्ते ने अपनी तत्परता और दक्षता दिखाई। 309 फील्ड अस्पताल के वाहन माउंटेड फील्ड सर्जिकल सेंटर ने युद्धकालीन चिकित्सा में एएमसी की निर्णायक भूमिका दर्शाई। इस मोबाइल सर्जिकल यूनिट ने जटिल आपातकालीन चिकित्सा प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया।
अस्पताल के विभागों का दौरा
रजिस्ट्रार कर्नल ऋृषि ढिल्लन और लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश दलाल की अगुवाई में कार्डियक केयर एंबुलेंस ने गंभीर हृदय रोगियों को तत्काल उपचार प्रदान किया। परिवारों को ऑपरेशन थिएटर में आधुनिक सर्जिकल उपकरण और प्रक्रियाएं समझाई गईं। गहन चिकित्सा इकाई में गंभीर रोगियों की देखभाल की अत्याधुनिक तकनीक बताई गई। कान, नाक, गला विभाग, रेडियोलॉजी, अस्पताल प्रयोगशाला, प्रशामक देखभाल केंद्र और फिजियोथेरेपी विभाग का भी दौरा कराया गया। इन दौरों से अस्पताल की व्यापक चिकित्सा सेवाओं की जानकारी मिली।
मेरठ छावनी स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में 'अपनी एएमसी को जानें' कार्यक्रम के अंतर्गत जीवन बचाने की- फोटो : samvad