मोबाइल चुराने वाले एंबुलेंस चालक को जेल भेजा
सरधना। मोम्मन फरीदपुर निवासी लोकेश के लापता होने के बाद मौत के मामले में उसका मोबाइल चुराने वाले एंबुलेंस चालक भूपेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया।
लोकेश पुत्र करण सिंह 13 जनवरी से लापता था। परिजनों ने दो फरवरी को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस बीच सड़क हादसे में लोकेश की मौत हो गई। पहचान नहीं होेने पर पुलिस ने लावारिस में उसका अंतिम संस्कार भी करा दिया था। बाद में पुलिस की जांच में लोकेश के मोबाइल की सीडीआर से घटना का खुलासा हुआ। उसका मोबाइल 108 एंबुलेंस चालक भूपेंद्र के पास मिला, जिसने सड़क हादसे के बाद लोकेश को अस्पताल में भर्ती कराया था।
इस मामले में करनावल के बाबूराम पुत्र मनिराम और प्रविंद्र पुत्र ओमपाल का नाम भी जांच में सामने आया। सड़क हादसे से पूर्व लोकेश उनके संपर्क में था। करनावल स्थित बैंक से लोन लेने और ट्रैक्टर खरीदने को लेकर लोकेश का करनावल आना जाना रहता था। मामले में 20 फरवरी को लोकेश के छोटे भाई गजेंद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।