सरधना। एसडीएम कार्यालय में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मंगलवार शाम ग्रामीणों ने एसडीएम आवास के सामने हंगामा किया। थाना क्षेत्र के गांव पिठलोकर निवासी अरमान पुत्र जब्बार ने आरोप लगाया कि अग्नीवीर भर्ती के लिए आवश्यक शपथपत्र एसडीएम के स्टेनो के पास से गुम हो गया। अरमान की बुधवार को मेरठ कैंट में रिपोर्टिंग है। इसके लिए वह शपथपत्र पर हस्ताक्षर कराने तहसील पहुंचा था।
बताया गया कि अन्य अभ्यर्थियों के शपथपत्र मिल गए लेकिन अरमान का दस्तावेज नहीं मिला। जानकारी करने पर शपथपत्र गुम होने की बात सामने आई। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने विरोध जताया लेकिन समाधान न मिलने पर लौट गए। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने कहा कि सेना भर्ती से जुड़े शपथपत्रों पर जांच के बाद ही हस्ताक्षर किए जाते हैं। स्टेनो द्वारा शपथपत्र गुम किए जाने की जानकारी उन्हें नहीं है।