सरधना। विशेष गहन पुनरीक्षण में बीएलओ की लापरवाही को लेकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन दिया। संगठन
मोहल्ला खेवान के निवासियों ने तहसील में दिया प्रार्थनापत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील क्षेत्र के मोहल्ला खेवान के निवासियों ने एसआईआर फार्म वितरण में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी सरधना को प्रार्थना-पत्र सौंपा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर फार्म भरने की तिथि 4 नवंबर निर्धारित की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी बूथ संख्या 67 की बीएलओ कनक वर्मा को दी गई थी लेकिन मोहल्ले में अभी तक फार्म नहीं बांटे गए हैं।
आजाद समाज पार्टी के नगर अध्यक्ष डॉ. सोहनवीर सिंह ने बताया कि बीएलओ कनक वर्मा से कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। मामला सुपरवाइजर सतपाल सिंह के संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने इसे बीएलओ का कार्य बताते हुए अपनी जिम्मेदारी से अलग कर लिया। मोहल्लेवासियों ने आशंका जताई कि यदि समय पर एसआईआर फार्म नहीं भरे गए तो उनके वोट कट सकते हैं। इससे उन्हें मतदान के अधिकार से वंचित होना पड़ेगा। यह उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन होगा। हनीफ राणा, सोहनपाल, मोनू, जफर खान, विपिन कंसल, सरफराज, रिजवान खान और संजय ने तहसील प्रशासन से मामले की गंभीरतापूर्वक जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।