सरधना। थाना क्षेत्र के गांव कपसाड़ निवासी दिव्यांग मनीष ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उसके पुश्तैनी मकान पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
दिव्यांग मनीष पुत्र मालू सिंह का आरोप है कि गांव के ही व्यक्ति अपने साथियों के साथ उसके पुश्तैनी मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करने के साथ मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। कहा कि यदि उसने मकान की ओर देखा तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इससे वह भयभीत है और किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।