संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सरूरपुर ब्लॉक क्षेत्र के खिर्वा-जलालपुर गांव में राशन वितरण में अनियमितताओं के आरोप सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। मामले से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वायरल ऑडियो में एक व्यक्ति राशन डीलर से कथित रूप से करीब 200 फर्जी यूनिटों का हिसाब मांगते हुए सुनाई दे रहा है। आरोप है कि पिछले कई महीनों से इन फर्जी यूनिटों के आधार पर राशन वितरण में गड़बड़ी की जा रही थी। बातचीत में करीब पांच क्विंटल राशन के समायोजन को लेकर सवाल उठाए जाने की बात भी सामने आ रही है। ऑडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धमकी जैसे शब्द भी सुनाई दे रहे हैं। इस मामले को लेकर कुछ ग्रामीणों ने एसडीएम उदित नारायण सेंगर से शिकायत कर जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आपूर्ति विभाग के कुछ कर्मियों की मिलीभगत से फर्जी यूनिट बढ़ाई गई हैं। साथ ही गांव में नई राशन एजेंसी आवंटन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।