फलावदा। इंडियन गैस एजेंसी पिलौना के उपभोक्ताओं को कई दिनों से गैस सिलिंडर की सप्लाई नहीं हो रही है। लोग सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं लेकिन बाद में गाड़ी नहीं आने का बहाना बनाकर लोगों को टरका दिया जाता है। उपभोक्ताओं ने मंगलवार को गैस एजेंसी पर हंगामा किया।
पवन गांव तिगरी, वेदपाल तिगरी, शोकिंदर पहाड़पुर, सुशील, मोहित, जोनी, बबलू, संजय, बादल, प्रदीप आदि ने बताया कि उन्होंने कई दिन पहले गैस बुकिंग की हुई है। वह रोज सुबह से ही गैस गोदाम पर लाइन में लग जाते हैं लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया पूजा गांव जयसिंहपुर से रोज गैस एजेंसी पर आ रही है। उसके छोटे बच्चे हैं। रोज परेशान होती है लेकिन उसे गैस नहीं मिल रही है। गैस नहीं मिलने से उपभोक्ताओं ने मंगलवार को पिलौना स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर हंगामा किया। बहरहाल उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिलने से उनकी रसोई ठंडी पड़ी है। उपभोक्ताओं में गुस्सा है।
गैस एजेंसी के प्रबंधक पुलकित का कहना है कि गैस सिलिंडर की आपूर्ति कंपनी की तरफ से ही कम मिल रही है। इस वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।