सरधना। गांव खेड़ा में स्थित सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव निवासी संजय पुत्र प्रेम ने जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह को प्रार्थना पत्र देकर तालाब की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की है। आरोप है कि कुछ लोगों ने तालाब में मिट्टी भरवाकर रास्ता बना दिया है, जिससे तालाब की उपयोगिता समाप्त होने की कगार पर पहुंच गई है।
शिकायत में बताया गया कि तालाब पर किए जा रहे अतिक्रमण से जलभराव और निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दे रहे हैं, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम उदित नारायण सेंगर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर तालाब की भूमि से अवैध कब्जा हटाने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि बृहस्पतिवार को राजस्व टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।