संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के भदौड़ा गांव की विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। आरोप है कि शादी में लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद अतिरिक्त मांगें पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेरठ के गगन विहार निवासी अपूर्वा चौधरी ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2025 में भदौड़ा निवासी ऋषभ मलिक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष दहेज में दिए गए सामान को लेकर लगातार आपत्ति जताने लगा और अतिरिक्त मांगें करने लगा। पीड़िता का आरोप है कि उसे कई बार भूखा-प्यासा रखकर कमरे में बंद किया गया।
इसके बाद वह अपनी पांच माह की बेटी के साथ मायके आकर रहने लगी। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले रोहटा थाने में शिकायत दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में एसएसपी अविनाश पांडेय से शिकायत करने पर पुलिस ने पति ऋषभ, ससुर राकेश, सास सरिता, ननद काजल और ननदोई गौरव निवासी गुलावठी, बुलंदशहर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।