सरूरपुर। गांव पिठलोकर निवासी गोपीचंद ने सीएचसी में प्रसव के दौरान नवजात की मौत का आरोप लगाते हुए सीएमओ से शिकायत की है। पीड़ित का आरोप है कि प्रसव के दौरान इलाज में लापरवाही बरती गई।
गोपीचंद ने शिकायत पत्र में बताया कि बीते बुधवार को उसने अपनी पुत्रवधू नेहा पत्नी राहुल को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में भर्ती कराया था। सीएचसी में प्रसव से पहले जब चिकित्सक ने जांच की तो गर्भ में बच्चे को ठीक स्थिति में बताया गया। प्रसव के कुछ देर बाद ही चिकित्सकों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि सीएचसी में लापरवाही बरती गई। यदि समय रहते उन्हें जानकारी दी जाती तो वह बड़े अस्पताल में नवजात को ले जाते। उन्होंने विरोध किया तो ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उन्हें धमकी दी। पीड़ित ने सोमवार को सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ अशोक कटारिया का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।