कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित ऐरा गार्डन कॉलोनी में कार हटाने को लेकर बृहस्पतिवार शाम दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची । दोनों पक्षों ने थाने पर एक दूसरे पर मारपीट व फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शोभापुर फ्लाईओवर के पास ऐरा गार्डन कॉलोनी है। यहां सिपाही सुधीर तालियान अपना मकान बना रहा है। वर्तमान में सुधीर की तैनाती बाराबंकी में चल रही है। बृहस्पतिवार शाम सुधीर घर के बाहर खड़ी कार में कुछ सामान भर रहा था। इसी बीच पड़ोसी अभिषेक पूनिया कार लेकर आया। अभिषेक ने सुधीर से कार हटाने के लिए कहा। इस बात पर सुधीर व अभिषेक में कहासुनी और गाली गलौज हो गई। शोर शराबे की आवाज सुनकर दोनों पक्षों के लोग बाहर आ गए। देखते ही देखते दोनों में मारपीट हो गई। सिपाही व अभिषेक पक्ष ने एक दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप भी लगाया है। थाने पर भी दोनों पक्ष एक दूसरे से उलझते रहे। पुलिस ने किसी तरह समझाकर दोनों पक्षों को शांत किया। एसपी सिटी का कहना है तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।