संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के गांव मुल्हेड़ा निवासी किसान दंपती धीर सिंह व रेखा देवी के साथ मारपीट के मामले में पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि थाना पुलिस ने उसके पति का मेडिकल नहीं कराया है।
पीड़िता रेखा देवी ने एसएसपी से की शिकायत में बताया कि बीते शुक्रवार को वह अपने पति के साथ खेत में सिंचाई कर रही थी। इसी बीच गांव निवासी आरोपियों ने उसके पति के साथ गाली गलौज कर दी। विरोध किया तो आरोपियों ने उसके पति पर जानलेवा हमला कर दिया। बचाव में आई पत्नी को भी आरोपियों ने जमकर पीटा। शोर सुनकर आसपास के किसानों को आते देख आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच कर लौट गई। आरोप है कि जब वह थाने पहुंचे तो थाना पुलिस ने उसके पति का मेडिकल नहीं कराया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार जान से मारने धमकी दे रहे हैं। एसएसपी अविनाश पांडेय ने थाना पुलिस को पीड़ित का मेडिकल कराकर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।