संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। खिवाई कस्बा निवासी इंतजार ने जमीन खरीदने के लिए पांच लाख रुपये बयाना देने के बाद बैनामा नहीं कराने और रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर मामले की जांच और रकम वापस दिलाने की मांग की है।
इंतजार पुत्र मौजुद्दीन ने तहरीर में बताया कि तीन अगस्त को उसने कस्बे के ही एक व्यक्ति से 3.45 बीघा जमीन खरीदने का सौदा तय किया था। इसके एवज में उसने पांच लाख रुपये बतौर बयाना दिए थे। पीड़ित के अनुसार लेनदेन के दौरान करीब 10 लोग मौजूद थे। आरोप है कि बयाना लेने के बाद जमीन का बैनामा कराने में लगातार टालमटोल की जा रही है। काफी समय बीतने के बाद भी न तो बैनामा कराया गया और न ही रकम लौटाई। रुपये वापस मांगने पर उसे कथित रूप से धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस से लेनदेन के दौरान मौजूद गवाहों के बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।