खरखौदा। क्षेत्र के गांव सादुल्लापुर उर्फ चंदपुरा में ग्राम विकास योजना के अंतर्गत हाल ही में निर्मित नाली तोड़े जाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मुख्य विकास अधिकारी से शिकायत करते हुए जांच व कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान आरती ने मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए ग्राम विकास योजना के तहत घरों का गंदा पानी तालाब तक पहुंचाने के लिए नाली एवं खड़ंजे का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि गांव निवासी यशपाल, विपिन और ओमी समेत कुछ लोगों ने नाली की दीवार क्षतिग्रस्त कर दी। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और जल निकासी व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रधान का कहना है कि नाली तोड़े जाने से बरसात के मौसम में गांव में जलभराव की आशंका बढ़ गई है। ग्राम प्रधान ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त नाली का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।