संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव भैंसा निवासी वृद्धा जुबैदा ने अपने देवर, भतीजे और उसकी पत्नी पर धोखे से मकान अपने नाम कराने और जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मवाना थाने में तहरीर दी है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
जुबैदा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह और उसका पति वृद्ध हैं और बेऔलाद हैं। उनके पति के नाम एक मकान है, जिसमें दोनों रहते हैं। आरोप है कि उनके देवर, भतीजे और उसकी पत्नी ने मिलकर जबरदस्ती मकान अपने नाम करा लिया और अब उस पर कब्जा कर लिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उनके साथ आए दिन मारपीट करते हैं और घर से निकालने की धमकी देते हैं। पीड़िता ने पुलिस से मामले की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मकान को उनके कब्जे से मुक्त कराकर न्याय दिलाने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस मौके पर जांच के लिए गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।