श्रीमद् भागवत कथा की कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु स्रोत संवाद
न्यू ब्लॉक में शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे की न्यू ब्लॉक कॉलोनी में शांति चौराहे पर चलने वाली साथ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि नगर पंचायत की चेयरपर्सन सुधा खटीक ने पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा शुरू कराई।
सोमवार को भव्य एवं पारंपरिक वेश में श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए। मथुरा वृंदावन से आए महाराज नीलांशु दास एवं रूपानंद महाराज के नेतृत्व में कस्बे के कथा आयोजन स्थल से पवित्र जल स्रोत से जल भरने के साथ शुरू हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु शामिल रहीं। मध्य गंग नहर से पवित्र जल कलश में भरकर लाने के बाद कथा आयोजन स्थल पर धार्मिक विधि एवं मंत्रोच्चारण के साथ स्थापित किया।
आरती के साथ शुरू की गई श्रीमद्भागवत कथा में मुख्य अतिथि चेयरपर्सन खटीक ने कहा कि मन की शुद्धि के लिए इससे बड़ा कोई अन्य साधन नहीं है। श्रीमद्भागवत के पाठ से कलियुग के समस्त दोष नष्ट हो जाते हैं। इसके श्रवण मात्र से भगवान हरि कथा सुनने वाले व्यक्ति के हृदय में आ विराजते हैं। नीलांशु दास महाराज ने कहा कि विश्व में सभी कथाओं में श्रीमद्भागवत कथा सबसे श्रेष्ठ मानी गई है।
रूपानंद महाराज ने कहा कि ऐसे में अगर कोई भी मनुष्य या जीव जंतु भी श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर लेता है तो भी वह कई पापों से मुक्ति पा लेता है। इसलिए सात दिन तक चलने वाली इस पवित्र कथा को श्रवण करके अपने जीवन को सुधारने का मौका मिलता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में नारायण योगी, प्रतीक शर्मा, बबलू विश्वास आदि का सहयोग रहा।
श्रीमद् भागवत कथा की कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु स्रोत संवाद