फुटबाल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि का स्वागत करते आयोजक
मेरठ। जिला फुटबाल संघ की ओर से बुधवार से कैंट स्थित तोपखाना फुटबाल मैदान में दुर्गा सिंह फुटबाल टूर्नामेंट की शुरुआत की गई। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला एजेक्स फुटबाल क्लब और जीनियस फुटबाल क्लब के बीच खेला गया। इसमें एजेक्स फुटबाल क्लब ने 1-0 से मुकाबला जीता।
मैच से पूर्व मुख्य अतिथि आरएसएस के प्रांतीय प्रचारक अनिल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता की शुरुआत की। मैच केे शुरुआत से ही दोनों टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दोनों ही टीम के खिलाड़ी पहले हाफ तक गोल नहीं कर सके। दोनों टीम के बीच संघर्षपूर्ण मुकाबला देखने को मिला। मैच के आखिर समय में एजेक्स क्लब के कट्टा ने गोल करके 1-0 से अपनी टीम को जीत दिला दी। टूर्नामेंट में 11 टीम प्रतिभाग कर रही है। इसमें मेरठ स्पोर्टिंग, स्पार्टन, चंदा फुटबाल, तोपखाना फुटबाल क्लब, एमवाईएफए क्लब, जेनेक्स फुटबाल क्लब, जीनियस फुटबाल क्लब आदि टीम प्रतिभाग कर रही हैं।
विजेता टीम को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी व उप विजेता टीम को 15 हजार रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ी एएफआई से पंजीकृत हैं। आयोजन सचिव हरीश ठाकुर ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच चंदा क्लब और एमएफए व दूसरा मैच जीनियस एफसी व रंजन एफसी के बीच खेला जाएगा l बुधवार को मुख्य निर्णायक सुधीर भटनागर व सह निर्णायक दानिश अली, प्रिंस कुमार रहे। इस मौके पर उदयभान सिंह, अध्यक्ष गौरव सिंह, सचिव ललित पंत, उपाध्यक्ष ऋचा सिंह, अशोक भटनागर, राजेंद्र प्रकाश आदि मौजूद रहे।
फुटबाल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि का स्वागत करते आयोजक