सरस्वती लोक के सामने हुआ हादसा, चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में रविवार रात लगभग 11 बजे पिकअप और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक माधवपुरम निवासी भूपेंद्र गंभीर घायल हो गया। ट्रैक्टर चालक पिकअप को करीब 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है।
माधवपुरम सेक्टर- 4 निवासी भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में पिकअप चलाता है। देर रात पिकअप से काम खत्म कर घर लौट रहा था। सरस्वती लोक कॉलोनी के पास सामने से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक पिकअप को घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है। सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-